निघासन में दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला
लखीमपुर खीरी। निघासन कांड मामले में सोमवार को जिला पंचायत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद त्रिपाठी की गवाही पूरी हो गई। अभियोजन पक्ष की ओर से केस में गवाही मुकम्मल होने की बात कहते हुए मंगलवार को विवेचक की गवाही अंतिम साक्षी के रूप में कराने की रणनीति बनाई है, जिसके चलते केस की तफ्तीश करने वाले विवेचक सीओ संजय नाथ तिवारी के बयान अदालत में दर्ज होंगे।
निघासन में दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में विशेष लोक अभियोजक बृजेश पांडे और संजय सिंह ने बताया कि किशोरियों की जन्मतिथि के संबंध में जिला पंचायत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद त्रिपाठी की मुख्य परीक्षा दर्ज होने के बाद सभी आरोपियों की ओर से जिरह सोमवार को पूरी हो गई। कक्षा नौ में प्रवेश के समय किशोरी की जन्मतिथि 7 अगस्त 2007 पिता ने दर्ज कराई थी। बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश सिंह मुन्ना, फिरोज अहमद, अधिवक्ता वकार अहमद, अनुपम वर्मा, मोहम्मद इसरार, अनूप सक्सेना ने जिरह पूर्ण कर ली है। अब अभियोजन की ओर से केस की तफ्तीश करने वाले विवेचक संजय नाथ तिवारी की गवाही पेश की जाएगी।