लखीमपुर खीरी। बुकिंग पर लहरपुर से खीरी आया एक रिक्शा चालक जहरखुरानी का शिकार हो गया। चालक के पास से सात हजार रुपये लूटकर अज्ञात लोग फरार हो गए। ग्रामीणों ने एक निजी अस्पताल में चालक को भर्ती कराया था। हालत में सुधार न होते देख उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना रामापुर से चहमलपुर के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक- लहरपुर के ग्राम आंबा निवासी सुकेश (25) किसी के फोन पर सवारी छोड़ने की बात कहते हुए घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक- घर से निकलते समय सुकेश के पास सात हजार रुपये थे। वह शाम करीब तीन बजे घर से निकला था। मृतक सुकेश के भाई कैलाश शुक्ला ने बताया कि रामापुर-चहमलपुर के पास सुकेश को अज्ञात लोगों ने जबरदस्ती नशीला पदार्थ खिला दिया, जिसके बाद उसकी हालत खराब हो गई।
मामले की जानकारी परिजनों को हुई तो उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर सुकेश ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी कैलाश को दी। कैलाश ने बताया कि अज्ञात लोगों ने जबरन उसे नशीला पदार्थ खिला दिया और मृतक सुकेश के पास मौजूद सात हजार रुपये और मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। उधर, हालत बिगड़ते देख डॉक्टरों ने सुकेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंंगाल कर अज्ञात लोगों की तलाश में जुट गई है।