लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) में नवंबर माह से शुरू होने वाले नए पर्यटन सत्र में कई बदलाव नजर आएंगे। दुधवा जंगल को प्लास्टिक कचरा मुक्त करने के लिए भ्रमण के दौरान सैलानियों को पानी की प्लास्टिक बोतल साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। डीटीआर प्रशासन पर्यटन परिसर में आरओ लगवाएगा और यहीं से स्टील की बोतलों में पानी उपलब्ध कराएगा।
डीटीआर के फील्ड डायरेक्टर ललित कुमार वर्मा ने बताया कि पर्यटन सत्र में दुधवा भ्रमण पर आने वाले सैलानी प्लास्टिक की बोतलें में पानी अपने साथ लाते हैं। भ्रमण के दौरान पानी पीने के बाद सैलानी इन बोतलों को जंगल में ही इधर उधर फेंक देते हैं। इससे दुधवा जंगल में प्लास्टिक कचरा बढ़ रहा है। यह कचरा वन्यजीवों की सेहत के लिए काफी नुकसानदेय है।
इसे देखते हुए डीटीआर प्रशासन ने दुधवा, किशनपुर सेंक्च्युरी और कर्तनियाघाट पर्यटन परिसरों में आरओ लगवाने की योजना बनाई है। सैलानियों के जंगल भ्रमण पर जाने से पहले इन आरओ से स्टेनलेस स्टील की बोतलों में साफ पानी भर कर रखा जाएगा। सैलानी यही स्टील की बोतलें लेकर भ्रमण पर निकलेेंगे। वापस आने पर उन्हें यह बोतलें वापस करनी होंगी।
गाइडों का होगा प्रशिक्षण, होगी स्टार रैंकिंग
नवंबर 2023 में नवीन पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले डीटीआर के गाइडों को विधिवत प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें दुधवा टाइगर रिजर्व की विशेषताओं, यहां की जैव विविधता, वन्यजीवों के प्राकृतवास, जलवायु, वन्यजीवों के स्वभाव, यहां पाई जाने वाली विभिन्न वनस्पतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि वे सैलानियों के सामने इसे अच्छे ढंग से पेश कर सकें और सैलानियों की जिज्ञासा शांत कर सकें। साथ ही गाइडों की स्टार रैंकिंग भी की जाएगी, ताकि गाइडों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा उत्पन्न हो और वे और अधिक बेहतर ढंग से काम करने को प्रेरित होें।
18एलकेएच 03
डीटीआर में ईकोटूरिज्म को और अधिक बेहतर और प्लास्टिक कचरा मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए दुधवा में आरओ लगाने, स्टील की बोतलें उपलब्ध कराने और गाइडों को प्रशिक्षित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। 14 नवंबर, 2023 से पहले यह काम पूरा कर लिया जाएगा। -ललित कुमार वर्मा, फील्ड डायरेक्टर दुधवा टाइगर रिजर्व
दुधवा नेशनल पार्क