लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व में बाघों के संरक्षण के साथ बाघों की संख्या में और इजाफा करने की चुनौतियां बढ़ी हैं। इन चुनौतियों से निबटने के लिए दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन ने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण से 13 करोड़ रुपये की धनराशि मांगी है। इसके लिए डीटीआर प्रशासन ने एक प्रस्ताव बनाकर एनटीसीए को भेजा है।
वर्ष 2022 में हुए बाघों के एस्टीमेशन में दुधवा टाइगर रिजर्व के तीनों प्रभागों में कुल 253 बाघ पाए गए हैं। दुधवा में बाघों की बढ़ी संख्या के पीछे दुधवा टाइगर रिजर्व के बेहतर वन प्रबंधन, बाघों के प्राकृतवास के अच्छे रखरखाव और खाद्य शृंखला मजबूत होने को आधार माना गया है। इन्हीं बिंदुओं पर राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण ने दुधवा को वेरी गुड की रैंकिंग दी है। अब डीटीआर प्रशासन के सामने इन बाघों की सुरक्षा करना बड़ी चुनौती है।
दुधवा टाइगर रिजर्व नेपाल सीमा पर स्थित होने के कारण यहां शिकार का खतरा और बढ़ जाता है। वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो पहले ही इस बारे में अलर्ट जारी कर चुका है। दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर ललित कुमार वर्मा ने बताया कि हाल ही में हुई राष्ट्रीय बाघ सरंक्षण प्राधिकरण की हुई बैठक में दुधवा टाइगर रिजर्व की ओर से 13 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया गया है।
प्रस्ताव में बाघों की सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक मजबूत करने, खाद्य शृंखला मजबूत करने और बाघों के प्राकृतवास के बेहतर प्रबंधन का प्रस्ताव है। बाघों और उनके प्राकृतवास की सुरक्षा और रखरखाव में लगे वाचरों को वेतन भी इसी धनराशि से दिया जाना है।
ग्रासलैंड, वेटलैंड का और बेहतर ढंग से होगा प्रबंधन
बाघों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो, इसके लिए जरूरी है कि बाघों के अनुकूल और सुरक्षित प्राकृतवास मिले। खाद्य शृंखला मजबूत बनी रहे। बाघों के अनुकूल प्राकृतवास को बनाए रखने के लिए वनों को सुरक्षित और व्यवधान रहित बनाए रखना है। दुधवा की खाद्य शृंखला को और अधिक मजबूत करने के लिए घास के मैदानों और जलाशयों का बेहतर और वैज्ञानिक ढंग से प्रबंधन किया जाएगा।
दुधवा टाइगर रिजर्व में बाघों के बेहतर रखरखाव और सुरक्षा प्रबंधों के लिए 13 करोड़ रुपये का प्रस्ताव एनटीसीए को भेजा गया है। यह प्रस्ताव इस माह के अंत तक मंजूर हो जाने की संभावना है। इस धनराशि से वाचरों को वेतन देने के अलावा ग्रासलैंड और वेटलैंड का वैज्ञानिक ढंग से प्रबंधन किया जाएगा।
ललित कुमार वर्मा, फील्ड डायरेक्टर दुधवा टाइगर रिजर्व