लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी के साथ दुधवा के इको टूरिज्म और धौरहरा इलाके के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का जिक्र कर चुनावी समीकरण साधे। उन्होंने कहा कि दुधवा नेशनल पार्क को इको टूरिज्म मैप का ब्राइट स्पॉट बनाना है।
सीतापुर, खीरी और धौरहरा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केले के तने से फाइबर बनाने वाली धौरहरा की बहनों के समूह को और मजबूत करना है। तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाना है। काम बड़ा है, लेकिन मोदी को छोटे काम की आदत भी नहीं है।
मोदी ने कहा कि दुधवा नेशनल पार्क को इको टूरिज्म मैप का ब्राइट स्पॉट बनाना है। ऐसे हर विकास कार्य के लिए मैं आपसे आशीर्वाद मांगने आया हूं। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों को भारी बहुमत से संसद में भेजना है। आप जब इनको वोट देंगे, वो सीधा मोदी के खाते में आएगा।
छोटी काशी का जिक्र, सपा-कांग्रेस पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में गोला गोकर्णनाथ की छोटी काशी का भी जिक्र किया। कहा कि छोटी काशी की इस धरती से सवाल उठा रहा हूं। सपा-कांग्रेस वालो ये भी बता दो कि सत्ता में आए तो राम मंदिर को भी अस्पताल में परिवर्तित कर दोगे क्या। काशी के विश्वनाथ कॉरिडोर पर बुलडोजर चला दोगे क्या।
घर-घर जाना, जाकर कहना, मोदी ने आपको राम-राम कहा है
प्रधानमंत्री ने संबोधन से मतदाताओं के मन को छू लिया। जनसमूह से कहा कि मेरा एक काम करोगे। मेरा पर्सनल काम है। घर-घर जाना, जाकर कहना। मोदी जी आए थे, आपको राम-राम कहा है। मेरा राम-राम हर परिवार में पहुंचा देना। प्रधानमंत्री के इस काम को सुनकर सभा स्थल मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा।