लखीमपुर खीरी। जनपद में भीषण गर्मी का कहर जारी है। गर्मी के बीच शनिवार तड़के करीब तीन बजे हल्की बूंदाबांदी होने से गर्मी से कुछ राहत रही, लेकिन सुबह नौ बजे के बाद तेज धूप ने फिर से लोगों को झुलसा दिया। दिनभर उमस ने बेहाल कर दिया। वहीं, मौसम विभाग लखनऊ के मुताबिक, रविवार और सोमवार को बारिश होने के आसार हैं।
शनिवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार रात से रविवार सुबह तड़के तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। बारिश होने के बाद तापमान गिरेगा। वहीं 24 जून को भी अच्छी बारिश के आसार है। 24 की बारिश के बाद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
कटौती और ट्रिपिंग का खेल जारी
शहर में शनिवार को बिजली ट्रिपिंग और कटौती का खेल जारी रहा। शनिवार सुबह से देर रात तक ट्रिपिंग होने से लोग परेशान नजर आए। कई जगह फॉल्ट होने से एक से डेढ़ घंटे बत्ती गुल रही है। छाउछ उपकेंद्र के पटेलनगर, छाउछ सहित कई मोहल्लों में ट्रिपिंग होने से उपभोक्ताओं का हाल बेहाल रहा। कलेक्ट्रेट पावर हाउस के शाहपुरा कोठी, नौरंगाबाद, हिदायतनगर आदि मोहल्लों में कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया। शनिवार को प्रत्येक एक से दो घंटे में 15 से 20 मिनट की कटौती होती रही।