लखीमपुर खीरी। दुधवा नेशनल पार्क से भटककर बेलरायां चीनी मिल के आवासीय परिसर में घुसे चीतल को कुत्तों ने घेर लिया और उसे नोंचकर घायल कर दिया। उपचार के दौरान चीतल की मौत हो गई। उत्तर निघासन की बेलरायां रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी दिनेश बडोला ने बताया कि रविवार को एक चीतल जंगल से भटककर बेलरायां चीनी मिल के आवासीय परिसर में पहुंच गया। उसको मिल के ही आवासीय परिसर में कुत्तों ने घेर लिया। उसने चंगुल से निकलने की काफी कोशिश की, लेकिन कुत्तों से घिरा चीतल सफल नहीं हो सका। कुत्तों ने उसे नोचकर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम घायल चीतल को लेकर वन कार्यालय आई, जहां उपचार के दौरान चीतल की मौत हो गई।