लखीमपुर खीरी। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। 15 सितंबर तक अभियान चलाकर अवैध अस्पताल बंद कराने के निर्देश दिए। इसके बाद भी अवैध अस्पताल संचालित मिलने पर सीएचसी अधीक्षकों की जिम्मेदारी तय की। अभियान के बाद एसडीएम को निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के लोगों को फील्ड में जाकर स्वास्थ्य संकेतकों पर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। अधीक्षकों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए निरंतर मॉनिटरिंग करने, मरीज व तीमारदारों के साथ अच्छा व्यवहार करने, मरीजों को गुणवत्ता युक्त भोजन देने से पहले स्वयं चेक करने के निर्देश दिए। सीएचसी रमियाबेहड़, ईसानगर, बांकेगंज, धौरहरा में एक भी नसबंदी न होने पर नाराजगी जताई।
लक्ष्य पूरा न होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना का भुगतान में शिथिलता मिलने पर बैम से स्पष्टीकरण तलब करने, संस्थागत प्रसव की निरंतर रिपोर्ट करने, आशा व संगीनियों का नियमित भुगतान करने के लिए लिए कहा। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने आयुष्मान गोल्डन कार्ड की प्रगति बढ़ाने के लिए कहा। एसीएमओ डॉ. अनिल गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी पासी, डॉ. धनीराम, डीटीओ डॉ. प्रमोद कुमार वर्मा, डीपीआरओ सौम्य शील सिंह, सीएमएस डॉ. आईके चांदनी आदि थे।
बेहतर काम करने वाले सम्मानित
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम, सीडीओ एवं सीएमओ ने सबसे ज्यादा ऑपरेशन करने पर जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. सतीश वर्मा, पांच पुरुष एवं दो महिला नसबंदी कराने वाले सीएचओ राहुल यादव, नसबंदी कराने में टॉप थ्री आशा लालमणि देवी, पुष्पा देवी, राजकुमारी को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।