लखीमपुर खीरी। लोकसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक संपन्कन राने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सीडीओ अनिल कुमार सिंह के साथ कलक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कंट्रोल रूम (निर्वाचन नियंत्रण कक्ष एवं शिकायत सेल) का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित कार्मिकों को दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने फील्ड में मौजूद विधानसभावार फ्लाइंग स्क्वाड और वीडियो निगरानी टीमों के लोकेशन स्क्रीन पर देखी। सी-विजिल एप पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि जिन अधिकारियों और कार्मिकों की ड्यूटी कंट्रोल रूम में लगाई गई है, वे ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें।
डिप्टी डीईओ संजय कुमार सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एडीईओ तौसीफ अहमद, एसडीएम श्रद्धा सिंह, विनोद गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
ईवीएम-वीवी पैट का प्रथम रैंडमाइजेशन आज
जिला मुख्यालय पर शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में ईवीएम, वीवी पैट का प्रथम रैंडमाइजेशन होगा। शुक्रवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलक्ट्रेट सभागार में ऑनलाइन प्रथम रैंडमाइजेशन होगा। इसके बाद लोकसभा चुनाव के लिए बीयू, सीयू एवं वीवी पैट को विधानसभावार आवंटित किया जाएगा।