गोला गोकर्णनाथ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डीएम ने महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम में महिलाओं और बेटियों में जोश भरा। उन्होंने कहा कि छात्राओं को निर्भीक और साहसी बनना चाहिए। आत्मविश्वास और हौसले से कठिन राह भी आसान हो जाती है। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को अपनी ताकत पहचानने का अहसास दिलाया।
कृषक समाज इंटर कॉलेज के सभागार में नगर पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल की अध्यक्षता में हुए महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएम किंजल सिंह ने बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि जिंदगी एक पर्व की तरह है, जिसे रोज मनाया जा सकता है, आत्मविश्वास और हौसले से सब कुछ संभव है। कार्यक्रम में डीएम ने बालिकाओं के साथ हम होंगे कामयाब, आज मैं ऊपर आसमां नीचे गीत गुनगुनाया। डीएम ने छात्राओं को कुर्सी रेस खेल खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया। साथ कई ऐसे सवाल पूछे जो अपने माता पिता के योगदान और बेटियों को आगे बढ़ानेे को प्रेरित करते हों। उन्होंने महिलाओं को आत्म जीवनी भी सुनाई। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल ने कहा कि बेटियों को पढ़ाना चाहिए, बेटियां पढ़ेगी तो पूरा परिवार पढ़ेगा, शिक्षा से ही उनमें आगे बढ़ने का हौसला बढ़ता है। कालेज की छात्रा प्रीती कश्यप, वंदना कश्यप, काजल गुप्ता ने ‘कोमल हैं कमजोर नहीं हम, मुझे आवाज उठाने दो’ गीत प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य सुमति नरायन दीक्षित ने अतिथियों को स्मृतिचिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। संचालन नीलम सिंह ने किया।
मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित
मुख्य अतिथि डीएम किंजल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि पूर्ति निरीक्षक श्रद्धा श्रीवास्तव ने कृषक समाज इंटर कॉलेज की मेधावी छात्रा श्रुति अग्निहोत्री, बेस्ट नेशनल कैडेट छात्रा रुचि गुप्ता, बेस्ट राष्ट्रीय सेवायोजना छात्रा प्रिया बाजपेयी, बेस्ट प्लेयर नेहा खान को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया।
इनकी भी रही मौजूदगी
इस मौके पर डीएसओ राकेश तिवारी, एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, सीओ अवनीश्वरचंद श्रीवास्तव, अनुराग मिश्र, डॉ. यूसुफ, श्रीनारायन वर्मा, लखपतिराम वर्मा, रामबहादुर वर्मा, डॉ. अनिल कुमार वर्मा, बीना मिश्र, सुमन कनौजिया, आरती गुप्ता, नेहा वर्मा, बैजती रागनी, पूर्णा कर्मा आदि मौजूद रहे।
डीएम को अपने बीच पाकर छात्राएं-महिलाएं गदगद
गोला गोकर्णनाथ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की मुख्य अतिथि डीएम किंजल सिंह की आत्मीयता देख सभागार में मौजूद महिलाएं प्रफुल्लित हो उठीं। महिलाओं में आत्मविश्वास और साहस की झलक उनके चेहरे पर देखी गई। डीएम का भाषण सुन छात्राएं गदगद हो गईं। उनकी आत्मीयता से प्रभावित कई छात्राओं ने सेल्फी भी ली।