लखीमपुर खीरी। राजपुर क्रॉसिंग बंद होने से यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई है। सबसे ज्यादा जाम खीरी रोड पर पड़ने वाली नहर पटरी पर लग रहा है। इसके अलावा स्टेशन के सामने और ओवरब्रिज पर भी लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।
शहरवासियों ने जाम की समस्या से निजात दिलाए जाने को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन यातायात विभाग कोई ठोस प्लान नहीं बना पा रहा है। खीरी रोड पर पड़ने वाली नहर पटरी पर शहर के अंदर आने, राजापुर से बाईपास जाने सहित रामापुर हाईवे पर जाने के लिए लोग इसी नहर पटरी का प्रयोग करते हैं। चारों तरफ से छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन के चलते हर दस मिनट में जाम की स्थिति बन जाती है।
नहर पटरी तीन साइड का यातायात रोककर एक साइड शुरू की जाती है, इससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मास्टर प्लान न होने की वजह लोगों को हो रहीं दिक्कतें
शहर में जाम की समस्या लोगाें के लिए नासूर बनती जा रही है। इसको लेकर किसी भी अधिकारी के पास कोई मास्टर प्लान नहीं है। मास्टर प्लान न होने की वजह से लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को आम जनमानस से राय लेकर अच्छा मास्टर प्लान तैयार करना चाहिए। मास्टर प्लान से ही जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाई जा सकती है।
ओवरब्रिज, संकटा देवी मार्ग भी जाम से अछूता नहीं
शहर स्थित रेलवे स्टेशन और आगे पड़ने वाले प्राचीन संकटा देवी मंदिर पर भक्तों का तांता लगा रहता है। इसके अलावा मेला मैदान रोड पर भी सैकड़ों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। लिहाजा इन मार्गों पर जाम से लोगों को जूझना पड़ रहा है। हालांकि, यहां पर यातायात विभाग के कई कर्मचारी ड्यूटी पर दिखाई देते हैं लेकिन उनसे भी स्थित संभल नहीं रही। ऐसे में लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
ओवर ब्रिज पर लगी वाहनों की लंबी लाइन स्रोत:संवाद