सुरक्षा-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए जिला कारागार में चिह्नित 14 स्थानों पर बंदीरक्षकों को वायरलेस सेट दे दिए गए हैं। पुलिस की तर्ज पर कारागार प्रशासन इन वायरलेस सेटों के जरिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहा है। कारागार में ही एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जिससे एक-दूसरे से संपर्क स्थापित कर हालात पर नजर रखी जा रही है। जेलर ज्ञानप्रकाश ने बताया कि सर्किल इंचार्ज, महिला बैरक और मेनवाल पर तैनात बंदी रक्षकों को एक-एक वायरलेस सेट दिया गया है। इसके अलावा जेल अस्पताल के डॉक्टर को भी एक सेट दिया गया है। जिससे बंदी की तबियत बिगड़ने की स्थिति में डॉक्टर से संपर्क कर उन्हें तत्काल कारागार में बुलाया जा सके। वहीं जेल अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि वायरलेस सिस्टम अभी जेल की चारदीवारी तक ही काम कर रहा है। जल्द ही कारागार परिसर में एक टॉवर लगाया जाएगा, जिसके बाद स्थानीय पुलिस से भी संपर्क किया जा सकेगा। टॉवर लगाने के लिए तेजी से प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले दिनों शासन ने जिला कारागार को वायरलेस सेट से लैस करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद कारागार में 14 संवेदनशील स्थानों का चयन किया गया था। अब इन स्थानों पर वायरलेस सेट घनघनाने लगे हैं।