जिला योजना समिति की बैठक में मौजूद प्रभारी मंत्री आशीष पटेल
लखीमपुर खीरी। वित्तीय वर्ष 2022-23 खत्म होने के महज एक हफ्ते पहले जिला योजना की शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिसमें जनपद के प्रभारी मंत्री और प्रदेश सरकार में काबीना मंत्री आशीष पटेल ने 5 अरब 91 करोड़ 82 लाख की योजना पर मुहर लगाई। हालांकि, अफसरों का दावा है कि बैठक भले ही देर में हुई हो, लेकिन प्रस्तावित बजट के सापेक्ष 72 प्रतिशत काम पूरे कर लिए गए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की शुरुआत जिला योजना समिति के सचिव और सीडीओ अनिल सिंह ने की। डीएसटीओ ने आय-व्यय का ब्योरा पेश किया। कबीना मंत्री प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता मामले उप्र एवं प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने 5 अरब 91 करोड़ 82 लाख की प्रस्तावित परिव्यय को मंजूरी देते हुए विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से वार्ता की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि खीरी अमृत सरोवर में देशभर में नंबर वन बनने के साथ ही योजनाओं एवं इंडिकेटर्स में शीर्ष स्थान पर है। उम्मीद है कि खीरी नित नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जो भी कमियां हैं, संबंधित अधिकारी उन कमियों को यथाशीघ्र दूर करेंगे। बैठक में खीरी और धौरहरा दोनों सांसद समेत जिला पंचायत अध्यक्ष, पलिया, गोला, निघासन के विधायक नदारद रहे।
जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों में नहीं दिखा सामंजस्य
बैठक में विधायकों ने अभी तक कराए गए काम को लेकर सवाल उठाए। जिस पर मंत्री के सामने ही अधिकारियों ने जवाब दिए। मुख्य रूप से बिजली, ग्रामीण क्षेत्रों में लगे लघु सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, कृषि और स्वास्थ्य विभाग को लेकर जन प्रतिनिधियों ने सवाल उठाए। वहीं, संबंधित अधिकारियों ने तथ्यवार रिपोर्ट प्रभारी मंत्री के सामने पेश की। इस पर प्रभारी मंत्री ने विधायकों और अधिकारियों में सामंजस्य बनाए जाने को लेकर सभी अधिकारियों को निर्देशित किया। कहा कि विकास कार्य कराने के बाद संबंधित कार्यों की रिपोर्ट वह जनप्रतिनिधियों से साझा करें।
जिला योजना समिति की बैठक में मौजूद प्रभारी मंत्री आशीष पटेल