- पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने उठाया कदम
पुलिस ने डीएम के आदेश पर कब्र खुदवाकर एक युवक का शव बाहर निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गोला थाना क्षेत्र के अदोला निवासी नजर बानो शुक्रवार को डीएम आकाशदीप से मिली थी और शिकायती पत्र देकर बताया था कि 15 जुलाई को महेवागंज निवासी पति शान मोहमद 25 को संपत्ति के लालच में उसके चाचा सलीम ने अपने पुत्रों की मदद से मार डाला था। यह घटना उस वक्त हुई जब वह मायके में थी। पति की मौत की सूचना उसे रिश्तेदारों से हुई थी। शरीर पर चोट के निशान थे। पत्नी ने शव देख हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस को भी सूचना दी थी। आरोप है कि ससुराली पक्ष ने पोस्टमार्टम कराए बगैर शव को जबरन दफन कर दिया था। पीड़िता ने डीएम से शव के पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की थी, जिस पर डीएम ने कब्र खुदवाकर शव का पोस्टमार्टम कराने के आदेश पुलिस को दिए थे। शनिवार को नायब तहसीलदार डॉ. लालकृष्ण की मौजूदगी में चौकी प्रभारी अनिल सिंह ने शव कब्र से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर मृतक के घर वालों का कहना है कि शान मोहम्मद गांव के ही कई लोगों के साथ लोहे की चारपाई की रिपेयरिंग का काम करने जिला मऊ गया था। जहां उसकी तबियत बिगड़ गई थी। साथी उसे मऊ जिला अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। जिस पर शव घर लाकर दफन कर दिया गया था।