खीरी में रेलवे क्रॉसिंग के पास लगाई गई सूचना
खीरी टाउन/लखीमपुर खीरी। खीरी कस्बे में रेलवे क्रॉसिंग गेट 115 सी पर लाइन मरम्मत कार्य ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। राजापुर और सीतापुर रोड से करीब चार किलोमीटर का चक्कर काटकर पहुंचे वाहन चालकों को वापस जाना पड़ा। बाइक चालक रेलवे लाइन पार करने की मशक्कत करते दिखे। डायवर्जन वाले इस रूट पर आठ घंटे तक वाहनों का आवागमन ठप रहा।
राजापुर क्रॉसिंग बंद होने पर पीडब्ल्यूडी और यातायात पुलिस ने छोटे वाहनों के लिए राजापुर से खीरी-ईदगाह होकर सीतापुर रोड और राजापुर अमृत सरोवर का रूट निर्धारित किया। खीरी कस्बे की मुख्य सड़क से मुड़ने पर इस रूट पर रेलवे क्रॉसिंग है। बुधवार की सुबह वाहन चालक क्रॉसिंग के पास पहुंचे तो गेट बंद मिला। रेलवे लाइन मरम्मत की वजह से शाम चार बजे तक आवागमन बंद रहने की जानकारी मिली।
अचानक से बंद हुए आवागमन ने लोगाें को परेशान कर दिया। चार से पांच किलोमीटर का चक्कर काटकर पहुंचे वाहन चालकों को वापस जाना पड़ा। हालांकि राजापुर से आ रहे वाहनों को वापस भेजने के लिए मोड़ पर पुलिसकर्मी की तैनाती की गई। लेकिन सीतापुर रोड और राजापुर अमृत सरोवर के पास से आए वाहन चालकों को दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा। पुलिस के अनुसार रेलवे ने एक दिन पहले मरम्मत की सूचना दी थी। रास्ते पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
सूखे तालाब से होकर गुजरे बाइक सवार
क्रॉसिंग बंद होने से सबसे अधिक परेशान बाइक चालक दिखे। दूरी और चक्कर से बचने के लिए खुद को खतरे में डालकर रेलवे लाइन पार करते नजर आए। क्रॉसिंग के पास सूखे तालाब से गुजरकर दूसरी सड़क पर पहुंचे। साइकिल और पैदल राहगीराें को भी परेशान होना पड़ा। मुख्य सड़क के मोड़ पर तैनात पुलिसकर्मी मालवाहक और भारी वाहनों को रोकता नजर आया। बाइक चालकों से रोकटोक नहीं की। क्रॉसिंग के पास पहुंचे बाइक चालक इधर से उधर रास्ता तलाशते दिखे।
खीरी में रेलवे क्रॉसिंग के पास लगाई गई सूचना
खीरी में रेलवे क्रॉसिंग के पास लगाई गई सूचना