लखीमपुर खीरी। एक दिन बादल छाए रहने के बाद मंगलवार को मौसम साफ रहा, लेकिन सर्द हवाओं ने ठंड बरकरार रखी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार को दिन में बादल छाए रहने के बावजूद मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे वाहनों की रफ्तार कम हुई। बच्चों को स्कूल कॉलेज जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद धुंध छाई रही। मौसम विभाग ने बूंदाबादी या हल्की बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन बूंदाबांदी नहीं हुई। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम में ठंड बढ़ने से गर्म कपड़ों का बाजार गर्म हो गया। फुटपाथ पर भी गर्म कपड़ों की दुकानें सज गई हैं जिन पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार- अगले तीन चार दिन में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि सर्द हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन दिन में खिलकर धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी। दिसंबर में ठंड अपने चरम पर होगी। मौसम का यह उतार चढ़ाव बुजुर्गों और बीमारों पर भारी पड़ रहा है।