ओयल। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां एक ओर बाढ़ का पानी घटने से कुछ हद तक ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन तेजी से पनपे मच्छरों की वजह से डेंगू, मलेरिया सहित कई प्रकार के बुखार की चपेट में लोग आ रहे हैं। जिला अस्पताल पहुंचे वाले लोगों में लगभग 50 प्रतिशत मरीज बुखार से प्रभावित हैं। रविवार दोपहर गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंची बुखार व खून की कमी से ग्रसित वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जिले में सोमवार को बारिश के बाद भी जिला अस्पताल में 1295 नए मरीज दवा लेने पहुंचे। रात 12 बजे से दोपहर तीन बजे तक इमरजेंसी में 75 मरीज पहुंचे। रविवार दोपहर साढे 12 बजे मोहम्मदी थाना क्षेत्र निवासी बुखार व खून की कमी से जूझ रही रफीकुन (60) पत्नी रफायत अली को उनके परिजन गंभीरावस्था में जिला अस्पताल लेकर आए थे। डॉक्टर ने प्रारंभिक उपचार कर जनरल महिला वार्ड में भर्ती करा दिया।
रात करीब 9ः20 बजे मौत हो गई। इसके साथ ही वार्ड में 25 अन्य मरीज भर्ती हैं, जिसमें से एक मलेरिया व 12 मरीज अन्य बुखार से पीड़ित हैं। पुरुषों के वार्ड में भर्ती 28 मरीजों में एक मलेरिया व 14 अन्य बुखार सहित वृद्धजन के जनरल वार्ड में भर्ती 20 में से 13 मरीज कई प्रकार के बुखार से पीड़ित हैं। अस्पताल की तृतीय मंजिल पर बने अस्थि व त्वचा वार्ड में भर्ती 17 में पांच मरीज बुखार के हैं।
वहीं बच्चों के वार्ड कुल 27 मरीजों में 18 मरीज बुखार से प्रभावित हैं। सभी को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
-
डेंगू वार्ड फुल होने की कगार पर
अस्पताल के प्रथम तल पर बना 10 बेड़ का डेंगू वार्ड फुल होने की कगार पर है। सोमवार को दोपहर दो बजे तक वार्ड में नौ मरीज भर्ती थे। नौ अगस्त को प्रमोद कुमार वर्मा (27), धर्मेंद्र कुमार (40), 10 अगस्त को शिल्पी (20), सत्यम (29), माला देवी (32) 11 अगस्त को लवलेश (25) प्रेम नारायण मिश्रा (52) व 12 अगस्त को संगीता जायसवाल (26) सैयम श्रेष्ठ (18) भर्ती हुए। सभी भर्ती मरीजों का डॉक्टरों की देख-रेख में इलाज किया जा रहा है।