कोरियाना में नदी किनारे मौजूद कटान पीड़ित
बिजुआ। तहसील गोला की ग्राम पंचायत रूरा सुल्तानपुर के मजरा कोरियाना में लगातार कटान का दर्द झेल रहे लोगों के लिए अभी तक रहने की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। कटान पीड़ितों को जहां बसाया जाना है, वहां सोमवार को अतिक्रमण हटाना था लेकिन पुलिस बल न मिल पाने से अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगजीत सिंह उर्फ जज्जू ने बताया कि फिलहाल कटान रुक गया है। मकान नहीं कट रहे हैं लेकिन कृषि योग्य भूमि लगातार कट रही है। रविवार को भी करीब 20 एकड़ कृषि भूमि फसलों सहित नदी में समा गई। सोमवार को भी कटान जारी रहा। शाम तक 15 से 20 एकड़ भूमि कट गई।
बताया कि जिले की पुलिस सोमवती अमावस्या पर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था में लगा दी गई है। इससे सोमवार को फोर्स नहीं उपलब्ध न होने के कारण अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका। विस्थापितों की समस्या बढ़ती जा रही है।