जिला अस्पताल में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों को समझाते हुए- संवाद
ओयल। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत होने से परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
मोहल्ला मुराउन टोला निवासी रफाहत अली उर्फ लल्लू (40) पुत्र लियाकत अली ने मंगलवार को चूहामार दवा खा ली, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। दोपहर करीब डेढ़ बजे परिजन उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि इमरजेंसी डॉक्टर ने पेट की सफाई किए बिना मेडिकल वार्ड भेज दिया। जहां देर शाम उसकी मौत हो गई। रफाहत अली की पत्नी सीमा बानो, 10 वर्षीय पुत्री जोया और 6 वर्षीय पुत्र रेहान का रो-रोकर बुरा हाल है। रफाहत की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड और इमरजेंसी में जमकर हंगामा काटा। इसी बीच हंगामे की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। ओयल पुलिस ने हंगामा कर रहे परिजनों को समझाकर शव को जिला मुख्यालय भेज दिया है।
जिला पुरुष अस्पताल के सीएमएस डॉ. आईके राम चंदानी ने बताया कि अस्पताल में मरीज की मौत की जानकारी मिली थी। मरीज के पहुंचने पर डॉक्टर ने उसका इलाज किया और वार्ड में भेज दिया। शाम को हालत बिगड़ने पर ईएमओ के पास फोन आया, लेकिन डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।