लखीमपुर/मैगलगंज। ब्लॉक पसगवां की ग्राम पंचायत अब्बासपुर के मजरा निजामपुर स्थित गो-आश्रय स्थल में गोवंशीय पशुओं की मौत की से हड़ंकप मच गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने जांच के लिए टीम भेजी। लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने संबंधित सचिव जितेंद्र कुमार का स्पष्टीकरण तलब कर प्रधान सर्वेश कुमार को नोटिस जारी किया है। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा रही है।
डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एसडीएम विनीत उपाध्याय, बीडीओ मोहित कौशिक, सीवीओ डॉ. जगदीश प्रसाद जांच करने पहुंचे। मौके पर मौजूद डॉक्टरों के पैनल ने बताया कि बुधवार देर शाम नौ गोवंशीय पशुओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। क्षेत्रीय पशु चिकित्सा अधिकारी ने उनका इलाज भी शुरू किया था। छह पशुओं को बचा लिया गया है। तीन पशुओं की मौत हो गई।
डाक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया विषाक्तता के लक्षण मिले हैं। तीनों गोवंशीय पशुओं के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इधर, किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अनूप सिसोदिया का आरोप है कि दो दर्जन से अधिक पशु मरे हैं। गोशाला में कई जगह गड्ढे खुदे हैं। सुबह ही सभी गोवंश पशुओं को गड्ढे में दफन कर दिया गया है, जिनका पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
-
सभी मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रथम दृष्टया विषाक्तता के लक्षण मिले हैं। विसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।
डॉ. जगदीश प्रसाद, सीवीओ
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, बीडीओ, सीवीओ सहित पूरी टीम मौके पर भेजा गया। तीन मृत पशु मिले। जांच में पाया गया है कुछ बाहरी लोग अंदर घुसे थे। मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच करेंगी।
-अभिषेक कुमार, सीडीओ