घटनास्थल पर जांच करती नीमगांव पुलिस
सिकंदराबाद । नीमगांव के कोरैया तालुकेदार निवासी किशोर का शव गन्ने के खेत में लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। बताया कि गेहूं चुराने के आरोप में किशोर को मारापीटा और लटका दिया।
गांव कोरैया तालुकेदार के राधेश्याम का 14 वर्षीय पुत्र सागर का शव शाम के समय गांव के बाहर गन्ने के खेत में नीम के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पिता राधेश्याम ने बताया कि शनिवार को गांव के ही एक व्यक्ति ने बेटे सागर उसके घर से गेहूं चुराने का आरोप लगाया था। उसे दौड़ाकर पीटा गया।
पिता का आरोप है कि गांव के ही चार लोगों ने उसके बेटे को मारापीटा और हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष नीमगांव अजीत कुमार ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थानाध्यक्ष नीमगांव अजीत कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।