सिकंदराबाद। थाना क्षेत्र नीमगांव के ग्राम रायपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव मिलने के बाद मायके वालों ने शव उठाने से मना कर दिया और जमकर हंगामा काटा। अधिकारियों के समझाने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मितौली थाना क्षेत्र की ढखिया जलालपुर की रहने वाली 20 वर्षीय मालती की शादी करीब चार माह पहले नीमगांव थाना क्षेत्र के रायपुर के रहने वाले शेखर के साथ हुई थी। रविवार को विवाहिता का शव ससुराल में पड़ा मिला। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने सिर्फ चोट लगने की सूचना दी थी, लेकिन यहां आकर देखा तो शव मिला।
थानाध्यक्ष सुनीता कुशवाहा चौकी प्रभारी आशीष सहरावत के साथ मौके पर पहुंची कुछ देर बाद सीओ मितौली शमशेर बहादुर सिंह ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन और पति समेत दो लोगों के हिरासत में लेने के बाद मायके पक्ष के लोग शांत हो गए। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।