बांकेगंज। कस्बा से सटी खीरी ब्रांच बड़ी नहर के पानी में ग्रामीणों को चीतल का शव बहता हुआ दिखाई दिया। वन विभाग की टीम जब तक पहुंची, तब तक शव पानी के तेज बहाव में गोला रेंज की ओर निकल गया।
मंगलवार शाम पानी में उतराते चीतल के शव को देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। खीरी ब्रांच नहर खीरी जिले से होकर पीलीभीत टाइगर रिजर्व, बफरजोन और किशनपुर सेंक्चुरी के घने जंगलों से होकर गुजरी है। इस समय पड़ रही भीषण गर्मी में जंगल में रहने वाले वन्यजीव बड़ी नहर के पानी में अक्सर अपनी प्यास बुझाने आते हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी ललित वर्मा ने बताया कि बांकेगंज के निकट बड़ी नहर के पानी में एक चीतल का शव उतराते हुए दिखाई पड़ने की सूचना मिली है। वन कर्मियों को बड़ी नहर समेत वन एवं वन्यजीवों की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इसमें लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।