लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा पुलिस चौकी क्षेत्र में नेपाल सीमा पर जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटकता मिला। घटनास्थल के पास साइकिल खड़ी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्राथमिक जांच में आत्महत्या का मामला मान रही है।
गौरीफंटा पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर जंगल में शुक्रवार की देर शाम जंगल में पेड़ से युवती का शव लटकता देखा गया। पास ही एक साइकिल भी खड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर उसकी शिनाख्त कराई। युवती की पहचान भूंढ़ा गांव निवासी लालमन राना की 25 वर्षीय पुत्री मानसी के रूप में हुई है। उक्त युवती महिलाओं के साथ धनगढ़ी नेपाल में मजदूरी करने जाती थी।
लोगों ने बताया कि शुक्रवार को भी वह मजदूरी करने गई थी। शाम को उसका शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने परिजन को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि संदिग्ध हालत में शव मिलने के मामले में पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है।