लखीमपुर खीरी। जिले में यूरिया खाद की अधिक बिक्री/खपत की जांच के लिए डीएम के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी थोक-फुटकर उर्वरक विक्रेताओं, सहकारी समितियों एवं गन्ना समितियों पर छापे मारे गए। छापेमारी के दौरान गोला की कुसुमी कॉलोनी में अवैध रूप से डीएपी बनती मिली। कृषि अधिकारी ने इस प्रतिष्ठान को सील कर दिया है।
जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि शनिवार को 105 स्थलों पर छापे मारे गए। छापेमारी के दौरान तीन नमूने लिए गए। 22 प्रतिष्ठान स्वामियों को नोटिस देकर उनसे जवाब-तलब किया। वहीं, एक प्रतिष्ठान को मौके पर ही सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान कहीं भी यूरिया की समस्या नहीं पाई गई। इसके अलावा गोला को एक रैक इफको यूरिया मात्रा 2600 मीट्रिक टन प्राप्त हुई है। जिसका वितरण समस्त सहकारी समितियों पर कराया जा रहा है। एसडीएम मितौली विनीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि मितौली तहसील के भीखमपुर समेत 10 स्थानों पर छापे मारे गए।
जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी ने गोला तहसील के अंतर्गत कुसुमी कॉलोनी में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक कैंपस में बायो डीएपी का अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा था। 154 बोरी बायो डीएपी और करीब 30 क्विंटल कच्चा माल बरामद किया गया। प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। सील किये गए प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर पुरुषोत्तम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।