मोहबतिया बेहड़ के पूर्व प्रधान श्रवण वर्मा की थी डबल ट्रॉली
निघासन। डबल ट्रॉली के साथ तेज गति से गन्ना लेकर जा रहे ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
रविवार की सुबह ग्राम पंचायत गौरिया के मजरा चमारनपुरवा निवासी सोबरन गौतम (45) साइकिल से बनिगवां जा रहे थे। गौरिया से बनिगवां मार्ग पर मोहबतिया बेहड़ के पूर्व प्रधान श्रवण वर्मा अपने ट्रैक्टर में दो चौपहिया ट्रॉलियों में गन्ना भरकर तेज गति से आ रहे थे। इसी बीच सोबरन साइकिल समेत ट्रॉली के नीचे आ गया और बुरी तरह घायल हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही राहगीर जमा हो गए और पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके की नजाकत देख ट्रैक्टर चालक श्रवण वर्मा वहां से भाग निकला। सूचना पर पहुंचे एसएचओ चंद्रभान सिंह और ढखेरवा चौकी पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
मोहम्मदी। पुवायां हाईवे पर मगरेना के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई।
शाहजहांपुर जिले के थाना सिधौली के आंया निवासी परमजीत (28) रविवार की शाम मोहम्मदी की ओर से घर लौट रहा था। इसी दौरान पुवायां की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर अंबर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में परमजीत सिंह की मौत हुई है। वह हेलमेट पहने था। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। संवाद
आटो रिक्शा पलटने से युवक का पैर टूटा
खीरी टाउन। लखीमपुर मार्ग पर ऑटो रिक्शा पलटने से एक युवक का पैर टूट गया। उसे उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
लखीमपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार से आ रहा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मोहल्ला मुगली टोला निवासी आलम का पैर टूट गया। डॉक्टरों ने प्रथम उपचार के बाद घायल को इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया है। संवाद