झांकियों में झलकी नौ जिलों की संस्कृति, धनगढ़ी के पुलिस प्रांगण में हुआ कार्यक्रम
धनगढ़ी-नेपाल। नेपाल पर्यटन व भ्रमण वर्ष 2020 को लेकर सुदूर पश्चिम सरकार की तरफ से धनगढ़ी में कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। इस दौरान ट्रैफिक चौराहे से नौ जिलों की झांकियां और रैली भी निकाली गई। झांकी में स्कूल, होटल व्यवसायी व अन्य संस्थाओं से एक साथ रैली निकाली, जो बाजार होते हुए पुलिस प्रांगण कार्यक्रम स्थल पहुंचकर समाप्त हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिलोचन भट्ट ने कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। उन्होंने पर्यटन वर्ष को सफल बनाने के साथ ही सभी लोगों से इसका प्रचार करने को कहा। इस दौरान जिलों से आईं सांस्कृतिक झांकियों को प्रस्तुत किया गया, जिन्होंने दर्शकों का मनमोह लिया। पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल का बैंड भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम प्रदेश पर्यटन मंत्री माया भट्ट की अध्यक्षता में शुरू हुआ। जिसमें प्रदेश के सभामुख अर्जुन बहादुर थापा, आंतरिक मामला व कानून मंत्री प्रकाश भट्ट, आर्थिक मामला व योजना मंत्री कृष्ण राज सुवेदि, भूमि व्यवस्था कृषि व सहकारी मंत्री विनीता चौधरी, निर्मला जोशी, धनगढ़ी मेयर नृप बड ने भी संबोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।