लखीमपुर खीरी। डीएम के निर्देश पर जिला अस्पताल का हाल जानने पहुंचे एडीएम संजय कुमार सिंह को अस्पताल में कई कमियां मिलीं। पर्चा काउंटर पर मरीज-तीमारदारों की लाइन लगी थी, लेकिन कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। एडीएम ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टॉफ की उपस्थिति की जानकारी ली। कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश सीएमएस को दिए।
एडीएम ने पर्चा काउंटर और ओपीडी का हाल देखा। ओपीडी के बाहर बैठे मरीजों से बात की। पर्चा काउंटर पर तैनात राजेंद्र मिश्रा अनुपस्थित मिले। इन पर कार्रवाई के निर्देश सीएमएस को दिए। पर्चा काउंटर पर मरीज, उनके तीमारदारों की लंबी लाइनों को एडीएम ने खुद ही व्यवस्थित कराया। निर्देश दिए कि पर्चा काउंटर पर तैनात कार्मिक की अनुपस्थिति में अन्य कार्मिकों को अवश्य लगाएं। ताकि मरीजों को पर्चा बनवाने में असुविधा का सामना न करना पड़े।
एडीएम ने सीएमएस कक्ष में चिकित्सकों का उपस्थिति रजिस्टर भी देखा। इस माह की चिकित्सक, पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति पंजिका के छायाचित्र भी लिए। एडीएम ने चिकित्सक एवं पैरामेडिकल की अनुपस्थित का कारण जाना। नदारद कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कहा। एडीएम ने पर्चा काउंटर, पुरुष सर्जिकल वार्ड, पुरुष ऑर्थो वार्ड, डेंगू वार्ड, इमरजेंसी, ड्रेसिंग रूम, सर्जन कक्ष, दवा वितरण कक्ष आदि का निरीक्षण किया।