बांकेगंज। कस्बा में दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश जहां गेहूं, मसूर, चना, मटर, गन्ना और सरसों के लिए फायदेमंद साबित होगी, वहीं अगैती आलू और पछैती टमाटर फसल को नुकसान पहुंचा है।
आम में बौर का समय चल रहा है। बारिश का पानी मिलने के बाद उनमें बौर जल्दी और अच्छा आएगा। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुहैल ने बताया कि फसलों पर बारिश के छींटे पड़ने के साथ उनके विकास में तेजी आएगी। बढ़ावर अच्छी होने से फसल उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने बताया कि यह बारिश फसलों के लिए संजीवनी का काम करेगी। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि किसान इस समय अगैती आलू फसल की खोदाई कर रहे हैं। हल्की बारिश से इसका काम रुक जाएगा। धूप निकलने पर खोदाई का काम शुरू हो जाएगा। वहीं इस बारिश से पछैती टमाटर और आलू फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों से फसलों की देखभाल करने की सलाह दी है।