पलियाकलां। इलाके के दौलतापुर गांव में नाले के किनारे बंधी एक गाय पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। गाय की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मगरमच्छ को लाठी-डंडों से पीटते हुए गाय को छुड़ाया। इलाज के दौरान गाय की मौत हो गई।
दौलतापुर निवासी श्यामू पुत्र राजाराम के घर के पास ही घारी बनी हुई है। बृहस्पतिवार को एक मगरमच्छ रेललाइन क्रॉस करते हुए गांव की तरफ आ गया और नाले के पास बैठ गया। कुछ ही देर बाद घारी में बंधी गाय पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। आवाज सुनकर श्यामू समेत अन्य ग्रामीण मौके पर आए और मगरमच्छ को देखकर उनके होश उड़ गए।
लाठी-डंडों से पीटकर मगरमच्छ के चंगुल से गाय को छुड़ाया। मगरमच्छ गाय को छोड़कर फिर से नाले में घुस गया। घायल गाय का चिकित्सक से इलाज कराया गया लेकिन उसने दम तोड़ दिया। वन विभाग की टीम ने भी गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया है। संवाद