थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव सनिगवां निवासी रामस्वरूप के पुत्र 23 वर्षीय मुकेश का शव गांव से करीब एक किमी दूर उसके ही बाग में आम के पेड़ से लटकता मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव सनिगवां निवासी रामस्वरूप ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे उनका पुत्र मुकेश घर से खेतों की ओर गया था, लेकिन वह वापस नहीं आया। दोपहर करीब एक बजे गांव के ही बच्चों ने मुकेश का शव उनके ही बाग में एक पेड़ से लटका देखा तो इसकी जानकारी घर वालों को दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। रोते-विलखते परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो देखा कि मुकेश का शव उसकी ही शर्ट से आम के पेड़ से लटका हुआ था। उसकी चप्पलें भी पेड़ के नीचे रखी हुईं थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता ने किसी से कोई रंजिश होने से इंकार किया है। एसआई कृपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।