बालामऊ से मजदूरी कर वापस घर लौट रहे युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गयी। सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया।ग्राम भैंठिया निवासी संजय(35) 20 जून को अपने साथियों के साथ हरदोई जिले के बालामऊ में मजदूरी करने गया था। वह वहां पर धान की रोपाई का काम कर रहा था। रोपाई समाप्त होने के बाद सोमवार को वह अपने साथियों सहित बालामऊ से शाहजहांपुर के लिए ट्रेन से घर वापस आ रहा था। रोजा स्टेशन के पास ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण उसका पांव फिसल गया और वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। संजय के साथियों ने डर के मारे घर पहुंचकर किसी को कुछ नहीं बताया। मंगलवार को परिवार और गांव के लोगों ने संजय के बारे में कड़ाई से पूछताछ की साथियों ने संजय के ट्रेन से गिरने की बात परिवार वालों को बताई। इस पर परिवार के लोग बुधवार को उसके साथी को लेकर रोजा स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें संजय का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया। परिवारवालों ने शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। संजय के परिवार मे उसकी पत्नी गोविंदा देवी(30), पुत्री काजल और पुत्र अनिकेत है, जिनका रो रोकर बुरा हाल है। गोविंदा देवी के सामने अब रोजी रोटी का संकट हो गया है।