कस्बे से चोरी की बाइक लेकर भाग रहा एक युवक भजन पुरवा के पास सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। दो बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों ने सीएचसी में भर्ती कराया। तीन की हालत खराब होने पर उन्हें जिला मुख्यालय रेफर किया गया है। पुलिस ने बाइक चोर को हिरासत में ले लिया है।
पलिया निवासी शादाब की कस्बे में ट्रैक्टर रिपेयरिंग की दुकान है। दुकान बंद करके बुधवार को वह चौराहे पर करीब छह बजे नन्हें खां के होटल पर बाइक से आया था। वह बाइक खड़ी करके होटल के अंदर गया, लौटातो बाइक गायब थी। कुछ देर बाद गांव भजन पुरवा के पास स्थित मोड़ पर आमने सामने हुई बाइकों की टक्कर में बाइक लेकर भाग रहा युवक घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार गांव चखरा निवासी ओमप्रकाश उसकी पत्नी रामबेटी और पुत्री अर्चना भी घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों ने स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। उधर बाइक चोर की तलाश कर रहे लोगों को किसी ने बताया कि चोरी की बाइक सीएचसी में खड़ी है। शादाब ने वहां जाकर देखा तो बाइक खड़ी थी। बाइक चोर को देखकर लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उसे मारने के लिए आगे बढ़े, लेकिन डॉक्टर तथा अन्य लोगों के समझाने पर शांत हो गए। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में तथा आरोपी को इलाज के बाद हिरासत में ले लिया। एसओ ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना नाम नन्हे निवासी सुंदरवल बताया है। उससे पूछताछ की जा रही है।