घर वालों ने हाइवे किया जाम
चहमलपुर शुगर इंडस्ट्रीज में करता था मजदूरी
इंडस्ट्रीज मालिक समेत चार पर हत्या का केस दर्ज
शुगर इंडस्ट्रीज में काम कर रहे मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस बात की पुष्टि उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। रविवार को उसका शव संदिग्ध हालत में इंडस्ट्रीज से करीब पांच सौ मीटर दूर बरामद हुआ था। पुलिस ने मृतक के चाचा की ओर से इंडस्ट्रीज मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या और शव छुपाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव बसैगापुर निवासी घनश्याम ने बताया कि उनका भतीजा 22 वर्षीय रामलखन चहमलपुर स्थित अशोक शुगर इंडस्ट्रीज में दो साल से मजदूरी करता है। उसकी ड्यूटी शनिवार की शाम चार बजे से 12 बजे की शिप्ट में थी। रविवार को भतीजे का शव गेहूं के खेत में पड़े होने की सूचना साथी मजदूरों ने दी थी। जिस पर घर वाले कई लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। परिवार वालों के मुताबिक शव की पीठ पर चोट के निशान थे और रक्तस्राव हो रहा था। इससे लोग भड़क उठे और शव को पीलीभीत-हाइवे पर रखकर जाम लगा दिया। इससे हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी जाम लग गई। सूचना पर सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट, सीओ हरीराम राम वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घर वालों से घटना की जानकारी ली। परिवार वालों का आरोप था कि रामलखन की मौत शुगर इंडस्ट्रीज में किसी मशीन की चपेट में आकर हुई है। मिल मालिकों ने घर वालों को सूचना देने के बजाय शव को गेहूं के खेत में फेंकवा दिया। परिवार वालों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए मिल मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। सीओ सिटी ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए। पुलिस ने मृतक के चाचा घनश्याम की ओर से इंडस्ट्रीज मालिक अशोक अग्रवाल, उसके भाई रामऔतार अग्रवाल, मुनीम संतोष और मजदूर ठेकेदार रामकुमार के खिलाफ हत्या और शव छुपाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जब शव का पोस्टमार्टम कराया तो मामले में नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी पीठ में गोली लगने और अधिक रक्तस्राव होने की पुष्टि की गई है। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर चालान भेजा जाएगा।