सदर कोतवाली की राजापुर चौकी क्षेत्र स्थित गणेश प्लाईवुड फैक्ट्री में बृहस्पतिवार को लकड़ी उतारते समय अचानक चट्टा खिसक गया, जिसमें दबकर महिला मजदूर की मौत हो गई। खीरी कस्बे के मोहल्ला बुखारी टोला निवासी सफीर की पत्नी 55 वर्षीय नूरजहां कई सालों से प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करने जा रही थी। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। लोग महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर फैक्टी पहुंचे परिवार वाले बगैर पोस्टमार्टम कराए शव ले जाने पर अड़ गए, जिस पर क्लेम के लिए पोस्टमार्टम की आवश्यकता पर वे लोग माने। फैक्ट्री की ओर से मृतक महिला के परिवार वालों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। जबकि दो लाख रुपये बीमा क्लेम दिया जाएगा।