गोला तहसील के गांव सौंखिया की 28 वर्षीय महिला की मौत स्वाइन फ्लू से हो गई। उनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। क्षेत्र में स्वाइन फ्लू की दस्तक से गांव में दहशत है। गांव निवासी विमल मिश्रा की पत्नी चांदनी ने 10 दिन पूर्व लखीमपुर के निजी अस्पताल में पुत्री को जन्म दिया था। प्रसव के बाद उन्हें बुखार हो गया था। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर उनका सैंपल पीजीआई भेजा गया था। रिपोर्ट में चांदनी को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि की गई। इलाज के दौरान शुक्रवार की देर रात चांदनी की मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों ने सीएमओ से किट लेने के बाद ही अंतिम संस्कार करने की परिवारवालों को सलाह दी थी। हालांकि परिवार ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना नहीं दी न ही ग्रामीण क्षेत्र के आशा कार्यकर्ता या अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने। प्रभारी सीएमओ बीबी राम ने बताया कि उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। रविवार को गांव में टीम भेजकर एहतियाती उपाय कराए जाएंगे।