दुधवा नेशनल पार्क के जंगल से निकलकर आए हाथियों के झुंड ने इलाके में जमकर तबाही मचाई। सूचना पर पार्ककर्मियों ने मौका मुआयना किया है।
मंगलवार को तिकोना फार्म में पार्क के हाथियों ने कहर बरपाने के बाद चौकी क्षेत्र के गांव बेला कलां की लोहरा वीरान कालोनी के खेतिहर इलाके में बुधवार देर रात जमकर तबाही मचाई। हाथियों के उत्पात में इकबाल कौर, छिंदरपाल सिंह, अवतार सिंह, अमरीक सिंह, रवीन्द्र सिंह, हरि सिंह, ज्ञान सिंह की करीब 12 एकड़ गन्ने की फसल चौपट हो गई। गुरुवार सुबह जब किसानों ने खेत आकर देखा तो दंग रह गए। इसकी सूचना पाकर पहुंचे गुलरा चौकी के पार्क कर्मी व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहायक परियोजना अधिकारी राधेश्याम भार्गव ने मौका मुआयना कर किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया है। उधर हाथियों के कहर से बर्बाद हुए किसानों ने हाथियों से बचाने के साथ ही जल्द से जल्द मुआवजा दिए जाने की मांग की है।