वर्दियों को कब्जे में लेकर पुलिस ने शुरू की जांच
- पुलिसकर्मी के घर से चुराए जाने की आशंका
गांव देउवापुर के पास नहर किनारे पुलिस की कई वर्दियां पड़ी देखे जाने से हड़कंप मच गया। लोग किसी पुलिस वाले के यहां चोरी होने की आशंका जता रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वर्दियों को कब्जे में लिया है। वर्दियां नहर किनारे कैसे पहुंची? इसको लेकर पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को कुछ लोगों ने गांव देउवापुर के पास स्थित नहर के किनारे कुछ लोगों ने पुलिस की वर्दियां पड़ी देखीं। वर्दियों में यूपी पुलिस के बिल्ले और कुछ वर्दियों पर लगी नेम प्लेट पर पीपी पचौरी लिखा है। पुलिसकर्मी के घर चोरी होने के बाद वर्दियां नहर के किनारे फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची राजापुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और वर्दियों को कब्जे में लिया है। सीओ एमपी सिंह ने बताया कि कुछ वर्दियों पर लगी नेम प्लेट में पीपी पचौरी लिखा है। पुलिस वर्दियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। वर्दियां नहर किनारे कैसे पहुंची? इस बाबत उन्होंने अभी कुछ कहने से इंकार कर दिया।