समाजवादी पेंशन दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से पैसा वसूली भी की जा रही है। सोमवार को निघासन क्षेत्र के ग्रामीणों ने डीएम को शपथ-पत्र के साथ ज्ञापन सौंपकर ग्राम प्रधान पर ठगी करने का आरोप लगाया और कार्रवाई करने की मांग की।
निघासन क्षेत्र के गांव धर्मापुर के ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि समाजवादी पेंशन दिलाने के लिए कई ग्रामीणों से पांच-पांच सौ रुपये की वसूली की गई और पेंशन दिलाने का भरोसा भी दिलाया गया। काफी दिनों तक जब ग्रामीणों को पेंशन योजना का लाभ नहीं मिला तो वह लोग प्रधान से मिले और इस बाबत जानकारी ली। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने उनसे अभद्रता की और कुछ भी करने की बात कहते हुए उन्हें भगा दिया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों में भी धांधली की जा रही है। इस दौरान गांव के मिहीलाल, कमलेश कुमारी, छोटकन्नी देवी, मीरा देवी, गीता, लौंगा श्री, लज्जावती, किरन देवी, फुलदेई, अशोक कुमार, राजेश, अंजलि, रामदेवी सहित तमाम लोग थे।