दो दिन पहले गुरुवार की शाम को फूलबेहड़ में शारदा बंधे के अंदर बाढ़ के पानी में डूबे ग्रामीण का शव शारदानगर में बैराज के पास बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फूलबेहड़ में शारदा बंधे के अंदर बसे गांव काशीरामपुरवा निवासी 43 वर्षीय रामजीवन गुरुवार को मिलपुरवा में खरीददारी करने गया था। शाम को वह पैदल नदी पार कर घर जा रहा था। इस बीच बाढ़ के पानी के तेज बहाव में वह डूब गया था। पुलिस और परिवार वाले खोजबीन कर रहे थे। शुक्रवार को पीएसी के गोताखोरों ने स्टीमर से तलाश शुरू की। इस बीच पुलिस को शारदानगर में बैराज के पास नदी में एक शव देखे जाने की सूचना मिली। पुलिस के साथ ही परिवार वाले मौके पर पहुंचे और शव की रामजीवन के तौर पर शिनाख्त की। कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से घर कोहराम मचा है।