डीएम किंजल सिंह, सीडीओ नितीश कुमार ने शुक्रवार को जिला कारागार के संपूर्ण परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदीगृह में भोजन वितरण और साफ-सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सुधार लाने के निर्देश दिए। डीएम ने कारागार में अस्पताल, पाकशाला, निर्माण कार्य, महिला बैरक का निरीक्षण किया और महिला बंदियों से मिलकर उनकी समस्याएं भी पूछीं। निरीक्षण के दौरान पाकशाला में सुबह और शाम के समय बंदियों को पत्तागोभी की सब्जी दिए जाने पर डीएम ने कारागार अधिकारियों को टोका और कहा कि बंदियों को मौसमी सब्जी जैसे लौकी, तोरई भी दी जाए। डीएम ने कहा कि भोजन बनाने और वितरण करते समय साबुन से हाथ धोया जाए, ताकि भोजन में संक्रमण और अन्य बीमारियों से बचा जा सके। डीएम ने कारागार अधिकारियों से महिला बंदियों के बच्चों को स्कूल भेजने का निर्देश दिया। कारागार के बाहरी हिस्से में कूड़े का ढेर और भीतरी हिस्से में नालियों के चोक होने पर नाराजगी जताई और जल्द सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर भी कई दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षक और डिप्टी जेलर दिन में कम से कम तीन बार भ्रमण कर सफाई-व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।