हथियाबोझ में दो लोगों की हत्या का मामला
गांव हथियाबोझ में छह दिन पहले हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने चालान कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया।
बतादें कि 21 दिसंबर को गन्ने के खेत का अगौला काटने को लेकर गांव हथियाबोझ के पास रास्ते में गांव इंद्रानगर निवासी दिलीप सिंह, उसके साथी हरिश्चंद्र का गांव हथियाबोझ निवासी अवधराम, संजय आदि से विवाद हो रहा था। इसी बीच गांव राजपुर जा रहा हथियाबोझ निवासी शिवरतन भी अपने भाई के साथ बाइक से मौके पर पहुंच गया। शिवरतन और दिलीप से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस पर दिलीप सिंह ने और उसके साथी हरिश्चंद्र ने शिवरतन की गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में दिलीप ने हरिश्चंद्र की भी गन्ने के खेत में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शिवरतन के भाई की ओर से मृतक हरिश्चंद, दिलीप और उसके भाई अनिल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस ने दोनों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने जेल भेज दिया।