नीमगांव क्षेत्र में सड़क किनारे लगे शीशम के सरकारी पेड़ के काटे जाने पर इलाकाई पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी आमने-सामने आ गए हैं। वन विभाग के फारेस्ट गार्ड रविकांत वर्मा का कहना है कि शुक्रवार की रात अमृतापुर-कस्ता मार्ग पर बदमाशों ने रोड होल्डअप करने के इरादे से सरकारी पेड़ काटकर सड़क पर डाल दिया, जिसकी सूचना रात में ही पुलिस को दी गई। वहीं पुलिस बदमाशों की मौजूदगी से इंकार करते हुए सरकारी पेड़ को चोरी होने से बचाने का दावा कर रही है। मामला इसलिए भी दिलचस्प है कि सरकारी पेड़ के काटे जाने को लेकर दोनों विभागों की सक्रियता की पोल खुल गई है। बावजूद इसके शनिवार को न तो इलाकाई रेंजर ने इस मामले को लेकर गंभीरता दिखाई और न ही एसओ नीमगांव ने। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों का कटान हो रहा है और आए दिन बदमाश भी देखे जा रहे हैं लेकिन दोनों विभागों के जिम्मेदार गश्त को लेकर कतई गंभीर नहीं हैं। इस संबंध में एसओ नीमागांव परशुराम ओझा का कहना है कि अमृतापुर-कस्ता मार्ग पर रोड होल्डअप की कोशिश नहीं, बल्कि सरकारी पेड़ काटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरा बरामद किया है।