जमीन में गड़े पैसे पाने के लालच में दूसरे के खेत में पूजा कर खोदाई कर रहे पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उनके कब्जे से पुलिस ने अष्टधातु की एक प्लेट, कुछ पुराने सिक्के और सोने जैसी पीली धातु का तीन सौ ग्राम का एक बिस्कुट बरामद किया है। पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शनिवार शाम करीब पांच बजे एसओ निघासन आरके यादव को मुखबिर से यह सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के सिसैया गांव के पूर्व प्रधान बनारस लाल के गन्ने के खेत में कुछ लोग गड़ा धन निकालने के लालच में खुदाई कर रहे हैं। इस पर वह अपने साथ एसआई वीरसिंह और सिपाही कमलेश, सत्यप्रकाश और बनारस लाल को लेकर पहुंचे। यहां उनको चूरा टांडा निवासी बलराम और सूरज, पड़ुखिया का श्रवण वर्मा, गौरिया का शिवप्रसाद और बिरजापुरवा का रामगोपाल मिला। इन लोगों ने वहां धूप, अगरबत्ती, नारियल और फूल आदि चढ़ाकर एक जगह पूजा की थी। वे वहां पर खुदाई करके गड़ा धन निकालने की कोशिश कर रहे थे। इन लोगों का कहना था कि उनको पता चला था कि बनारस लाल के खेत में पुराना पैसा गड़ा है। उनके कब्जे से पुलिस ने पूजापाठ की सामग्री समेत अन्य सामान बरामद कर जेल भेजा है।