नेपाल की अनुसंधान पुलिस टीम ने छापामार कर एक गांव से बाघ की खाल और 18 किग्रा हड्डियां बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से एक भारतीय तस्कर को भी पकड़ा है।
पुलिस से मिली सूचना के आधार पर नेपाल की अनुसंधान पुलिस ने भारतीय सीमा पर आबाद जिला कंचनपुर के गांव दोदोधारा के एक घर में छापा मारा। इसमें घर में छिपाकर रखी गई 11 फुट लंबी और 3 फुट चौड़ी बाघ की खाल एवं 18 किग्रा हड्डियां बरामद हुई हैं। बरामद खाल और हड्डियों की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख नेपाली मुद्रा बताई गई है। पुलिस टीम को देखकर घर के सारे सदस्य भाग गए लेकिन पुलिस ने भारत के जिला पीलीभीत के ग्राम गौरैया निवासी एक व्यक्ति को पकड़ लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पकड़े गए व्यक्ति से अभी और कई राज मिलने की संभावना है।