बाइक सवार बदमाशों ने की लूट
ताला तोड़कर हजारों की चोरी
बाइक पकड़ी, पुलिस को सौंपी
शनिवार की रात गोला पुलिस पर चोर और लुटेरे हावी रहे। बाइक सवार बदमाशों ने अलीगंज मार्ग पर मसाला व्यवसायी को लूट लिया। वहीं, खुटार मार्ग पर किराना व्यवसायी की दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोर नकदी समेत रैक चोरी कर ले गए। नजूल बाजार में चौकीदारों की सक्रियता से घटना बची, संदिग्धों को अपनी बाइक छोड़कर भागना पड़ा।
शनिवार की रात लगभग आठ बजे अलीगंज रोड पर नगर के मसाला व्यवसायी राजेश सोनी मूड़ा सवारान की साप्ताहिक बाजार से बाइक से घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह बाइक से कुटी के पास पहुंचे, एक सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें असलहा दिखाकर रोक लिया और जेब में रखे ढाई हजार रुपये नकदी, बैग लूटकर फरार हो गए। राजेश सोनी ने फोन कर घरवालों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अलीगंज चौकी इंचार्ज और कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
इसी रात सदर चौराहे से चंद कदमों की दूरी पर खुटार रोड स्थित रमेशचंद गुप्ता भन्नू की किराने की दुकान के शटर के ताले तोड़कर चोरों ने काउंटर की रैक नकदी समेत निकाल ले गए। पूर्वी दीक्षिताना निवासी दुकानदार रमेशचंद भन्नू ने बताया कि मुख्य मार्ग पर दुकान होने के कारण उनकी दुकान देर रात तक खुली रहती है। शनिवार को देर रात वह दुकान में ताले डालकर घर चले गए थे। रात में चोरों ने शटर के ताले तोड़कर काउंटर की रैक लगभग ढाई हजार की नकदी समेत चोरी कर ले गए हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात को भी चोरों ने दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया था।
चौकीदारों की सक्रियता से बची घटना
पुलिस को सौंपी संदिग्धों की बाइक
गोला गोकर्णनाथ। शनिवार की रात मिल रोड स्थित सब्जी मंडी में चौकीदारों की सक्रियता से घटना बच गई है। चौकीदारों ने जान की परवाह न करते हुए बाइक सवार संदिग्धों को ललकार कर उनका पीछा किया, जिस पर संदिग्ध बाइक छोड़कर फरार हो गए। जिसे चौकीदारों ने कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। सब्जी मंडी के कई दुकानदारों ने बताया कि आए दिन बाजार में दुकानों के ताले टूट जाते हैं। अभी कुछ दिन पूर्व चाय की दुकान करने वाले मुन्ना की दुकान के ताले टूट गए थे। सब्जी मंडी चौकीदार दिनेश शुक्ल और सुधीर ने बताया कि रात में वह अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद थे। एक बजे के लगभग प्रेस लिखी स्पलेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध मंडी की गलियों में चक्कर लगाते दिखाई दिए। संदिग्धता भांपकर उन्होंने जब ललकारा और उनका पीछा किया तो बाइक सवार दो व्यक्ति बाइक छोड़कर फरार हो गए। बाइक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
ईद की रात भी सरेराह हुई थी चोरी
गोला गोकर्णनाथ। पुलिस की सक्रियता का पता इसी से चलता है कि मुख्य मार्गों के व्यवसायी भी अब सुरक्षित नहीं हैं। ईद की रात पुलिस के भारी बंदोबस्त के बीच लखीमपुर रोड पर कोतवाली और सदर चौराहे से चंद कदमों की दूरी पर पंकज कोहली की दुकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी हुई थी। जिसकी न तो रिपोर्ट लिखी गई और न ही कोई कार्रवाई हुई है।
पकड़ी बाइक पर लिखा है प्रेस
गोला गोकर्णनाथ। नजूल बाजार के चौकीदारों की सक्रियता से पकड़कर पुलिस को सौंपी गई बाइक पर प्रेस लिखा हुआ है। जिससे यह स्पष्ट होता है कि संदिग्ध प्रेस लिखे हुए वाहनों का प्रयोग कर पुलिस और नागरिकों को गुमराह कर रहे हैं। कोतवाली में शुक्रवार को संदिग्ध बाइक पूरे दिन खड़ी रही, किंतु उसे पूछने कोई नहीं आया।