जिले में चोरी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार की रात तिकुनियां क्षेत्र के गांव मुंजहा में एक परिवार को असलहों के बल पर कब्जे में लेकर लाखों रुपये के गहने और नगदी लूट ली गई, जबकि सूरतनगर में किराए पर रह रहे पीलीभीत के सात व्यापारियों से लाखों की लूटपाट की गई। उधर मोहम्मदी में एसडीएम आवास के सामने स्थित दो ऑटोमोबाइल्स की दुकानों से लाखों की चोरी हो गई।
मुंजहा के एक घर में डाका, लाखों लूटे
तिकुनियां। बार्डर की ग्राम पंचायत बनवीरपुर के मजरा गांव मुंजहा निवासी त्रिवेणी के घर पर मंगलवार की रात करीब पौने ग्यारह बजे बदमाशों ने धावा बोल दिया। गृहस्वामी अपने पुत्र के साथ रिश्तेदारी में गया था। बदमाशों ने घर पर मौजूद त्रिवेणी की पत्नी मायादेवी और उनकी दो बहुओं सहित परिवार को असलहों के बल पर कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने बक्सों में रखे तीन जोड़ी सोने के कुंडल, तीन सोने के ताबीज, दो जोड़ी करधनी और 30 हजार नकदी समेत लाखों को सामान लूट लिया। भागते समय बदमाशों ने हवाई फायर भी की। पीड़ितों के अनुसार, घटना के समय आठ बदमाश अंदर थे तथा चार घर के बाहर रखवाली कर रहे थे। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया।
पीलीभीत के पांच व्यापारियों से लाखों लूटे
तिकुनियां। बरसोला तिराहे पर ग्राम सूरतनगर मार्ग के पास किराए पर रह रहे पीलीभीत जिले के खबहा व्यापारी असलम ने बताया कि सभी लोग मंगलवार रात को सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे आठ बदमाशों ने उन लोगों के पास से असलहों के बल पर लाखों की नकदी लूट ली। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार असलम से करीब 1.48 लाख, रियासुद्दीन से 120, अजीम से 600, सुरेंदर सिंह से 12400, मोहम्मद शफीक से 600 रुपये लूट लिए। व्यापारी सलमान और मुनव्वर के पास रुपये नहीं मिले। असलम ने बताया सभी बदमाश नकाब पहने हुए थे। घटना की तहरीर मिलने पर कोतवाली इंसपेक्टर जनमेजय सचान ने पीड़ित व्यापारियों के बयान लेकर मौका मुआयना किया।
प्रभारी निरीक्षक जनमेजय सचान ने बताया कि लूट की घटनाओं के मामले की तहरीर पीड़ितों से मिल गई है। दोनों वारदातों की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
एसडीएम आवास के सामने दो दुकानों से 2.38 लाख की चोरी
मोहम्मदी। शाहजहांपुर रोड पर एसडीएम आवास के सामने स्थित दिलीप एंड कंपनी की दुकान का शटर उठाकर चोरों ने माइक्रो कंपनी का सामान, बैरिंग सहित तमाम स्पेयर पार्ट्स चोरी कर लिए, जिनकी कीमत करीब 1.28 लाख रुपये बताई गई है। दूसरी चोरी की घटना गोला रोड स्थित न्यू वर्मा ऑटो स्पेयर्स की दुकान में हुई। जहां से चोरों ने बैटरी, पिस्टन, बैरिंग, रिंग, ब्लाक किट, सेट बाल और 12 हजार रुपये सहित एक लाख दस हजार 850 रुपये का सामान चोरी कर लिया। दोनों चोरी की घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है। इन घटनाओं के बाबत प्रभारी निरीक्षक सीबी सिंह ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
इधर, चोरी की दो घटनाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर अवध प्रांत के प्रदेश उपाध्यक्ष लोकेंद्र प्रताप सिंह, सांसद प्रतिनिधि मनोज वर्मा, आलोक सिंह, नीरज रस्तोगी, आशीष त्रिवेदी सहित तमाम लोग मौैजूद रहे।