कोतवाली गौरीफंटा अंतर्गत आदिवासी ग्राम नझोटा निवासी एक व्यक्ति का नेपाल में संदिग्ध हालात में शव मिला है। परिवार वालों का आरोप है कि बंटाई के विवाद में उसकी हत्या कर दी गई। नेपाल पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों का चालान भेजा है। इसके साथ ही नेपाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है, जिसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
कोतवाली गौरीफंटा क्षेत्र के ग्राम नझोटा निवासी 45 वर्षीय मेलाराम निकटवर्ती नेपाल राष्ट्र के फुलवारी नकलीपुर गांव में बंटाई पर खेती करने के कारण आता-जाता रहता था। मृतक के पिता बनवारीलाल ने बताया कि विगत 15 जून को जब वह नेपाल गया तो वापस नहीं आया। दूसरे दिन शाम तक जब नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की गई। बाद में पता चला कि उसकी कुछ लोगों ने हत्या कर दी है। इसकी सूचना पर पहुंचे गांव वालों के साथ नेपाल पहुंचे, उन्हें तीन लोगों पर शक था। उन्हें पुलिस को सौंपा तो छिपाकर रखी गई बेटे की लाश मिल गई। मृतक के पिता के अनुसार उसकी पीटपीटकर हत्या की गई है और हत्यारे शव को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। गनीमत रही कि वह लोग पहुंच गए अन्यथा लाश भी नहीं मिलती। नेपाली पुलिस ने धनगढ़ी में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया। साथ ही तीनों आरोपियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर चालान भेज दिया। इधर शुक्रवार को शव का नझोटा गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसकी पत्नी और तीन बच्चों का बुरा हाल है।