21एलकेएचपी 14, 15
संदिग्ध हालात में बैंक
मित्र का शव मिला
क्रासर.....
परिस्थितियों को देखकर परिवारीजनों को हत्या की आशंका
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की नजर
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंद्राबाद/भूपतिपुर। नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव जमूरा के प्राइमरी स्कूल के पास सड़क किनारे बैंक मित्र का शव पड़ा मिला। कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी खड़ी थी। परिवारीजनों ने मौके की परिस्थितियों को देखकर हत्या की आशंका जताई है, लेकिन किसी रंजिश से इंकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
गांव चौधकपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद का 25 वर्षीय पुत्र शिवनंदन सिकंद्राबाद स्थित एक बैंक में प्राइवेट तौर पर बैंक मित्र के रूप में काम करता था। छोटे भाई खुशीराम के मुताबिक शिवनंदन शुक्रवार की शाम करीब सात बजे घर से बाइक लेकर सिकंद्राबाद गया था। रात में फोन करने पर शिवनंदन का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। परिवारीजनों ने काफी प्रयास किया लेकिन उसकी जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार की सुबह जमूरा गांव के पास सड़क किनारे उसका शव मिलने पर तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। छोटे भाई खुशीराम का कहना है कि शिवनंदन के गले में सूजन और निशान पड़े थे। वहीं एक पैर के घुटने के नीचे काफी चोट आई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना के बाद पंचानामे में इसे हादसे में मौत होना बताकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
--
इन बातों से हत्या की आशंका
-भाई खुशीराम के मुताबिक एक पैर का जूता और लैपटॉप गायब है
-पुलिस बिजली के खंभे से टकरा कर मौत होना बता रही है, लेकिन शव बिजली के खंभे से 20-25 फुट दूर मिला है
-मोबाइल की बैटरी को तोड़ा गया है लेकिन मोबाइल का पिछला हिस्सा बिल्कुल सही है।
-शव से कुछ दूरी पर सिक्के मिले हैं
--
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। परिवारीजनों ने भी अभी कोई तहरीर नहीं दी है, लेकिन पुलिस शुरुआती छानबीन कर रही है।
-बृजेंद्र सिंह यादव, एसओ नीमगांव