सदर कोतवाली की शारदानगर रिपोर्टिंग चौकी क्षेत्र के बड़ागांव में शुक्रवार को दो समुदायों में धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकर बजने पर विवाद हो गया। बाद में मामला पुलिस-प्रशासन तक पहुंच गया। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस-प्रशासन ने गांव में बैठक कर शनिवार को दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। हालांकि तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस ने दोनों पक्षों से 50-50 लोगों को पाबंद भी किया है।
बड़ागांव में शुक्रवार को एक पक्ष के लोगों ने धार्मिक स्थल पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज पर आपत्ति जताई। आरोप है कि दबाव बनाने की कोशिश की गई। इस पर दूसरे पक्ष ने श्रावण मास का हवाला देते हुए धार्मिक भजन कीर्तन बजाए जाने की बात कही। दोनों पक्ष अपनी बातों पर अड़े रहे। बात पुलिस चौकी तक पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अधिकारियों को अवगत कराया। शनिवार को एसडीएम सदर आलोक वर्मा और चौकी इंचार्ज जनार्दन सिंह गांव पहुंचे। बैठक कर दोनों पक्षों के बीच बातचीत की। अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच सुबह और शाम एक-एक घंटे लाउडस्पीकर की आवाज बंद करने पर सुलह समझौता हुआ। चौकी इंचार्ज जनार्दन सिंह ने गांव में तनाव जैसी बात से इंकार करते हुए मामले में एहतियातन दोनों पक्षों के सौ लोगों को पाबंद किए जाने की बात कही है।